संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे भारत और चीन

संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे भारत और चीन

संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे भारत और चीन बीजिंग : भारत और चीन संयुक्त सैन्य अभ्यास को फिर से आरंभ करने पर सहमत हो गए हैं और दोनों ने अपने सहयोग का थलसेना, नौसेना और वायुसेना तक विस्तार कर लिया है।

दोनों देशों के बीच यह फैसला सोमवार को हुई पांचवें वार्षिक रक्षा वार्ता (एडीडी) में लिया गया। यह वार्ता रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा की अगुवाई में भारत से पहुंचे तीनों सेनाओं के प्रतिनिधिमंडल और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल छी च्यांगो के बीच हुई।

दोनों देशों के बीच हुई दो दिवसीय वार्ता का मुख्य पहलू दोनों देशों की सेनाओं के बीच फिर से संयुक्त अभ्यास बहाल होना था। आतंकवाद-निरोधी दो अभ्यासों के बाद वीजा मामले को लेकर वर्ष 2009 में भारत-चीन में उत्पन्न तनाव के बाद से ही दोनों देशों के बीच सैन्य अभ्यास स्थगित था।

वार्ता के बाद यहां के भारतीय दूतावास से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, दोनों पक्ष वर्ष 2013 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग की योजना पर सहमत हो गए हैं। साथ ही दोनों देश अगले सैन्य अभ्यास के लिए भी तैयार हैं।

संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच संबंधों में सुधार है। संयुक्त सैन्य अभ्यास वर्ष 2007 में चीन के कुनमिंग में तथा वर्ष 2008 में भारत के बेलगांव में हुआ था। वर्ष 2009 में जब जम्मू कश्मीर के निवासियों को चीन ने नत्थी किया हुआ वीजा देना शुरू किया तब संयुक्त सैन्य अभ्यास रोक दिया गया।

इसी नीति के तहत चीन ने लेफ्टिनेंट जनरल बी एस जसवाल को वीजा देने से मना कर दिया था। उसका कहना था कि जसवाल जम्मू कश्मीर के विवादित और संवेदनशील क्षेत्र में सेना का नेतृत्व कर रहे हैं । इसके बाद भारत ने चीन के साथ सैन्य संबंधों को स्थगित कर दिया था। बाद में बीजिंग ने यह नीति वापस ले ली जिससे सैन्य संबंधों की बहाली का रास्ता प्रशस्त हो गया।

इसके अलावा, दोनों देशों ने विवादित इलाकों में गश्त के कारण होने वाली सीमावर्ती घटनाओं से निपटने के लिए विचारविमर्श और समन्वित प्रक्रिया शुरू की।

नौवहन सुरक्षा के मुद्दे पर भी दोनों देशों ने चर्चा शुरू की क्योंकि भारत और चीन की नौसेना अदन की खाड़ी में समुद्री दस्युओं के हमलों को नाकाम करने में लगी हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 14, 2013, 23:50

comments powered by Disqus