सत्ता में शी के 100 दिन पूरे, शक्तिशाली नेता बनकर उभरे

सत्ता में शी के 100 दिन पूरे, शक्तिशाली नेता बनकर उभरे

सत्ता में शी के 100 दिन पूरे, शक्तिशाली नेता बनकर उभरे बीजिंग : चीन के नए नेता शी चिनफिंग ने सत्ता में अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान वह निवर्तमान राष्ट्रपति हू जिंताओ से भी अधिक ताकतवर नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। अगले महीने की शुरुआत में 59 साल के शी राष्ट्रपति का पदभार संभाल रहे हैं। वह जिंताओ का स्थान ले रहे हैं।

शी को बीते साल 15 नवंबर को सत्तारुढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) का महासचिव चुना गया था। इसके शुक्रवार को 100 दिन हो जाएंगे। चीन में हर 10 साल के बाद नेता का परिवर्तन होता है। नेता चुने जाने के बाद शी ने अपने भरोसेमंद लोगों को प्रांतीय प्रमुख और पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया। उन्होंने 23 लाख से अधिक कर्मियों वाली पीपुल्स लिबरनेशन आर्मी (पीएलए) का नियंत्रण भी अपने हाथों में ले लिया है। इन 100 दिनों के भीतर वह पीएलए के सभी प्रमुख कमान का दौरा कर चुके हैं।

अगले महीने राष्ट्रपति बनने के बाद शी प्रशासनिक स्तर पर उपर से नीचे तक बदलाव कर सकेंगे। शी के साथ ली केकियांग चीन के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। वह वेन जियाबाओ का स्थान ले रहे हैं। पदभार संभालने के बाद केकियांग नई कैबिनेट का गठन करेंगे। चीन की नई कैबिनेट को सीमा संबंधी विवादों से जुड़ी चुनौतियों से निपटना होगा। जापान और कुछ देशों के साथ चीन का सीमा संबंधी विवाद चल रहा है।

इस बीच तिब्बत में भी चीन के खिलाफ प्रदर्शन तेज हो रहे हैं। बीते कुछ वर्षों के दौरान 100 से अधिक आत्मदाह की घटनाएं हुई हैं। नए शासन के सामने आर्थिक मोर्चे पर भी चुनौती है। विकास दर बीते 13 वर्षों के दौरान अब तक के सबसे निचले स्तर पर चली गई है। फिलहाल विकास दर 7.8 फीसदी है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 21, 2013, 18:39

comments powered by Disqus