सरलीफ ने ली राष्ट्रपति पद की शपथ - Zee News हिंदी

सरलीफ ने ली राष्ट्रपति पद की शपथ

मोनरोविया : नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित एलेन जॉन्सन सरलीफ ने लाइबेरिया के राष्ट्रपति पद की शपथ ली और सुलह सहमति का आह्वान किया। राजधानी में सोमवार को संपन्न इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए दस लाख डॉलर से अधिक की राशि खर्च की गई। समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन शामिल हुईं। लाइबेरिया के प्रधान न्यायाधीश जॉनी लेविस ने 73 वर्षीय सरलीफ को शपथ दिलाई। समारोह देखने के लिए हजारों लोग मौजूद थे।

 

देश में 14 साल तक चले युद्ध की समाप्ति के बाद सरलीफ का राष्ट्रपति पद पर यह दूसरा कार्यकाल है। शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा, ‘हमने उम्मीद और अवसरों से भरे लोकतंत्र के तौर पर सही स्थान हासिल किया है।’ उन्होंने कहा कि मतभेदों के चलते देश को लंबे समय तक युद्ध का सामना करना पड़ा और ये मतभेद अभी भी हैं लेकिन सुलह सहमति से इन्हें दूर किया जा सकता है।

 

शपथ लेने से पहले सरलीफ की हिलेरी से निजी बातचीत हुई और दोनों ने भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। सरलीफ के शपथ लेने के बाद हिलेरी ने मोनरोविया में नए अमेरिकी दूतावास का उद्घाटन किया और कहा कि लाइबेरिया की समृद्धि की राह में भ्रष्टाचार सबसे बड़ी बाधा है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 17, 2012, 09:54

comments powered by Disqus