सीरिया संकट: साझा प्रयास करेंगे चीन,रूस - Zee News हिंदी

सीरिया संकट: साझा प्रयास करेंगे चीन,रूस


बीजिंग : चीन और रूस ने सीरिया में जारी संकट के राजनीतिक समाधान के लिए साझा प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की चीन में बैठक हो रही है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार चीन के विदेश मंत्री येंग चिएशी और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को सीरिया शांति योजना के लिए समर्थन दोहराया। यह छह सूत्री शांति योजना सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र-अरब लीग के दूत कोफी अन्नान ने तैयार की है।

 

दोनों देशों के विदेश मंत्रियों ने यह टिप्पणी दमिशक में दो विस्फोटों के बाद की है। इन विस्फोटों में 55 लोग मारे गए थे और कई घायल हो गए थे। येंग ने कहा कि सीरिया के मसले के उचित समाधान के लिए जरूरी है कि सभी सम्बद्ध पक्ष सीरिया की आजादी, सम्प्रभुता और क्षेत्रीय अखण्डता का सम्मान करें। उन्होंने बाहरी ताकतों से अन्नान के काम में रुकावट न डालने का अनुरोध किया।

 

दोनों नेताओं ने ईरान के परमाणु मसले पर भी चर्चा की। अफगानिस्तान के मामले पर येंग ने कहा कि चीन वहां शांति, स्थायित्व, आजादी और विकास चाहता है। लावरोव दो दिन की चीन यात्रा पर हैं। वे यहां शंघाई कारपोरेशन आर्गेनाइजेशन के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने आए हैं।

(एजेंसी)

First Published: Friday, May 11, 2012, 14:48

comments powered by Disqus