सुरक्षा बलों पर हमले जारी रखेगा पाक तालिबान

सुरक्षा बलों पर हमले जारी रखेगा पाक तालिबान

इस्लामाबाद : पाकिस्तानी तालिबान ने धमकी दी है कि वह सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले जारी रखेगा। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

समाचार पत्र ‘द न्यूज’ के मुताबिक अफगानिस्तान में सक्रिय पाक तालिबान के प्रवक्ता सेराजुद्दीन अहमद ने कहा, हमें इस बात की परवाह नहीं है कि हामिद करजई की सरकार और नाटो सुरक्षा बल कुनरा और नूरिस्तान प्रांतों में हमारे खिलाफ अभियान शुरू करने का फैसला करते हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि यह क्षेत्र कभी भी अफगान सरकार और विदेशी सैनिकों के नियंत्रण में नहीं रहा है।

समाचार पत्र के अनुसार अहमद ने कहा, इन दोनों प्रांतों पर हमारा बहुत हद तक नियंत्रण है और पाकिस्तान पर हमले करने में हमें स्थानीय सुरक्षा बलों से कोई समस्या नहीं आती है। हमें पाकिस्तान के सैनिकों पर हमले करने से कोई नहीं रोक सकता है।

इस संगठन का सरगना मुल्ला फजलुल्ला है। वह 2009 में पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से स्वात घाटी में सैन्य अभियान चलाए जाने के बाद अफगानिस्तान भाग गया था। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 20, 2012, 15:05

comments powered by Disqus