सूची ने म्यांमार संसद में पहली बार किया प्रवेश

सूची ने म्यांमार संसद में पहली बार किया प्रवेश

सूची ने म्यांमार संसद में पहली बार किया प्रवेशनेपियदाव : म्यांमार में विपक्ष की नेता आंग सान सू ची ने आज संसद में प्रवेश कर एक नया अध्याय रचा। सेना के दबदबे वाले अपने देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए करीब 25 साल से संघर्ष कर रही सूची के जीवन में इसी के साथ एक नये चरण की शुरूआत हो गयी है।

अपने निरंतर अभियान के कारण पूर्व जुंटा द्वारा कई वर्ष नजरबंदी झेलने वाली और इसी वजह से नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित सू ची ने आज जब राजधानी नेपियदाव में संसद में अपनी सीट पर बैठने के लिए आयी तो वह बेहद शांत नजर आ रही थीं।

उन्होंने कहा, मैं देश के लिए सर्वोत्तम करने का प्रयास करूंगी।’’ संसद में सू ची अपनी नेशनल लीग फार डेमोक्रेसी पार्टी के सहयोगियों का साथ देंगी। सू ची ने बाहर से असंतोष जताने के बजाय अप्रैल में हुए ऐतिहासिक उपचुनाव में भाग लेकर राजनीति की मुख्यधारा में प्रवेश किया था।

एनएलडी के संसद के निचले सदन में सू ची सहित 37 सदस्य हैं। उन्होंने अपने यूरोपीय दौरे और अपने चुनाव क्षेत्र के दौरे के कारण संसद में अपने पहले प्रवेश को पिछले हफ्ते टाल दिया था।

उनकी पार्टी की सांसद एम विन माइंट ने कहा कि वह सू ची के आने से उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि हम उनका सहयोग करने के लिए तैयार हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 9, 2012, 20:29

comments powered by Disqus