Last Updated: Thursday, August 1, 2013, 21:56

मास्को : अमेरिकी खुफिया एजेंसी के कार्यक्रम के संबंध में गोपनीय जानकारी लीक करने वाले स्नोडेन को आखिरकार रूस ने अस्थाई रूप से एक वर्ष के लिए शरण दे दी है। स्नोडेन के रूसी वकील ने बताया कि एक महीने तक मास्को हवाई अड्डे पर फंसे रहने के बाद वह वहां से बाहर निकल आए हैं।
वकील एनातोली कुचेरेना ने बताया, ‘स्नोडेन शेरेमेत्येवो एयरपोर्ट से बाहर निकल गए हैं। उन्हें सिर्फ एक दस्तावेज दिया गया है कि उन्हें रूस में एक वर्ष का अस्थाई शरण दिया जाता है।’ हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि स्नोडेन पिछले दो घंटे के भीतर ही निकले हैं। सूत्रों ने संवाद समिति ‘इंटरफैक्स’ को बताया कि अब उन्होंने पहली बार औपचारिक रूस की सीमा में प्रवेश किया है। कुचेरेना ने बताया कि स्नोडेन खुद टैक्सी करके गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से स्नोडेन के नए ठिकाने को गुप्त रखा जाएगा।
वकील ने बताया, ‘उनके ठिकाने को सुरक्षा कारणों से सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है क्योंकि इस ग्रह पर उनका सबसे ज्यादा पीछा किया जा रहा है। वह कहां जाना चाहते हैं इसका निर्णय स्वयं करेंगे।’ अमेरिकी सर्विलांस कार्यक्रम के संबंध में गोपनीय जानकारी लीक करने के बाद से 30 वर्षीय स्नोडेन अमेरिका में गंभीर अपराध के मामले में वांछित हैं लेकिन रूस ने उन्हें प्रत्यर्पित करने से इनकार कर दिया है।
‘रोसिया 24’ टीवी के साक्षात्कार में कुचेरेना ने स्नोडेन को रूस में एक वर्ष का अस्थाई शरण देने वाले दस्तावेज की स्कैन की हुई प्रति दिखायी। उन्होंने टीवी पर कहा, ‘वह सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। मैं आशा करता हूं कि आप इस सूचना के संबंध में समझदारी दिखाएंगे।’ हांगकांग से 23 जून को भागकर रूस आने के बाद से ही स्नोडेन मास्को के शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे के ट्रांजिट जोन में फंसे हुए थे। उन्होंने कभी भी औपचारिक रूप से रूस की सीमा में प्रवेश नहीं किया था।
भंडाफोड़ करने वाले वेबसाइट विकीलीक्स को अमेरिका की गोपनीय सूचनाएं लीक करने वाले अमेरिकी सैनिक ब्रैडली मैनिंग को मंगलवार को जासूसी के दोष में सजा सुनाए जाने के दो दिन बाद रूस ने स्नोडेन को शरण दिया है। स्नोडेन का समर्थन कर रहे विकीलीक्स ने ट्विटर पर लिखा है, ‘एडवर्ड स्नोडेन ने सफलतापूर्वक रूस में शरणार्थी का दर्जा प्राप्त कर लिया है और जल्दी ही हवाई अड्डे से निकल जाएंगे।’
स्नोडेन को शरण देकर रूस ने अमेरिका के साथ कूटनीतिक मतभेद का खतरा मोल लिया है। अमेरिका ने रूस द्वारा स्नोडेन को शरण दिए जाने की संभावनाओं को ‘बेहद निराशाजनक’ बताया था। ‘इंटरफैक्स’ की खबर के अनुसार, राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन के विदेश नीति सलाहकार युरी उषाकोव ने कहा कि इस स्थिति का वाशिंगटन के साथ संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 1, 2013, 21:56