हवाई द्वीप से सुनामी चेतावनी वापस

हवाई द्वीप से सुनामी चेतावनी वापस

वाशिंगटन : अमेरिकी एजेंसियों ने कनाडा के पश्चिमी तट क्वीन चार्लोट द्वीप पर रविवार को 7.7 तीव्रता का भूकम्प आने के बाद हवाई द्वीप के लिए जारी सुनामी की चेतावनी वापस ले ली। सीएनएन के अनुसार समुद्र की लहरों को देखते हुए सुनामी चेतावनी को वापस लेकर सुनामी एडवाइजरी जारी की गई है। एडवाइजरी के अनुसार समुद्र के नजदीक जाने से मना किया गया है।

इससे पहले स्थानीय टेलीविजन पर लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाते हुए देखा जा रहा था। होनोलूलू के तट से जब समुद्री लहर टकराई तो यह सामान्य लहरों से थोड़ी सी खतरनाक लगीं, लेकिन वैज्ञानिकों ने लोगों को भुलावे में न आने की चेतावनी दी थी।

सीएनएन ने प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र के वरिष्ठ भूवैज्ञानिक गेरार्ड फ्रायर के हवाले से बताया, `यह केवल एक लहर नहीं है। यह लहरों की श्रृंखला है। 7.7 तीव्रता का भूकम्प बहुत गम्भीर होता है। इसकी आप अनदेखी नहीं कर सकते। यदि यह शहर के अंदर होता तो बड़ी क्षति करता।` क्वीन चार्लोट द्वीप में भूकम्प से किसी स्तर पर जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। अलास्का चेतावनी केंद्र ने पश्चिमी ब्रिटिश कोलम्बिया से वैंकूवर और अलास्का तक सुनामी की चेतावनी दे दी थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 28, 2012, 22:55

comments powered by Disqus