`1993 का मुंबई बमकांड पाक की ईर्ष्या का नतीजा`

`1993 का मुंबई बमकांड पाक की ईर्ष्या का नतीजा`

 `1993 का मुंबई बमकांड पाक की ईर्ष्या का नतीजा` नई दिल्ली: पाकिस्तान पर परोक्ष तौर पर हमला करते हुए गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि मुंबई में 1993 का सिलसिलेवार बम धमाका भारत की आर्थिक प्रगति के प्रति पड़ोसी की ईर्ष्या का नतीजा था। उन्होंने दाउद इब्राहिम समेत सभी आतंकवादियों को यहां मुकदमे का सामना करने के लिए वापस लाने का संकल्प जताया।

उन्होंने यह भी कहा कि पड़ोसी देश अब भी जाली मुद्रा भेजकर भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने एक हिंदी न्यूज चैनल के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमने 1991 में आर्थिक सुधार शुरू किए और उसके बाद भारत ने तेज आर्थिक प्रगति की। लेकिन पड़ोसी हमारे विकास से ईर्ष्यालु हो गया। जल्द ही मुंबई में (1993 में) 13 विस्फोट किए गए।

शिंदे ने कहा कि मुंबई बमकांड के मुख्य षड्यंत्रकारी दाउद इब्राहिम समेत सभी भगोड़े आतंकवादियों को भारत लाया जाएगा और उन्हें उनके अपराध के लिए दंडित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि न सिर्फ दाउद इब्राहिम बल्कि पनाहगाहों में छिपे अन्य आतंकवादियों को भी भारत में मुकदमे का सामना करने के लिए लाया जाएगा। हम कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 7, 2012, 16:22

comments powered by Disqus