Last Updated: Tuesday, November 27, 2012, 17:41
नई दिल्ली : सरकार ने आज लोकसभा में जानकारी दी कि एक जनवरी 2010 से इस साल 15 नवंबर तक करीब 25,207 पाकिस्तानी नागरिकों ने एक से अधिक बार भारत का दौरा किया। गृह राज्य मंत्री एम रामचंद्रन ने राम किशन और वैद्यनाथ प्रसाद महतो के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि वर्ष 2009 में भारत आने वाले पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या 53,137 थी। 2010 में 51,739 पाक नागरिक यहां आये और पिछले साल यह संख्या 48,640 रही।
सदस्यों ने यह भी प्रश्न पूछा था कि पाकिस्तानी नागरिकों को किन परिस्थितियों में 100 से अधिक दिन रहने की अनुमति प्रदान की गयी। इसके जवाब में मंत्री ने बताया कि भारत का दौरा करने वाले प्रत्येक पाकिस्तानी नागरिक के ठहरने की अवधि के बारे में अलग अलग आंकड़ों का रख.रखाव केंद्रीयकृत तरीके से नहीं रखा जाता।
उन्होंने बताया कि किसी पाकिस्तानी नागरिक को संबंधियों या मित्रों से मिलने या अन्य किसी वैध उद्देश्य के लिए अधिकतम तीन महीने की अवधि के लिए आगंतुक वीजा दिया जाता है। असाधारण और अपवाद स्वरूप मामलों में यदि अधिक समय तक ठहरना जरूरी हो तो वीजा अधिकतम एक वर्ष के लिए जारी किया जाता है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 27, 2012, 17:41