2014 में संप्रग और राजग दोनों हारेंगे : भाकपा

2014 में संप्रग और राजग दोनों हारेंगे : भाकपा

भुवनेश्वर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने आज कहा कि साल 2014 में होने वाले आम चुनावों में कांग्रेस की अगुवाई वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोनों को ही पराजय का सामना करना पड़ेगा। भाकपा ने वाम एवं लोकतांत्रिक बलों के एक कार्यक्रम आधारित विकल्प के उदय की भी उम्मीद जताई।

पार्टी महासचिव एस सुधाकर रेड्डी और वरिष्ठ नेता ए बी बर्धन ने यहां कहा, ‘पार्टी में अंदरूनी कलह की वजह से सत्ता पर दोबारा काबिज होने का भाजपा का सपना पूरा नहीं हो पाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘यूं तो भाजपा खुद को इस अंदाज में पेश कर रही है जैसे वह चुनावों के बाद सत्ता में वापसी करेगी, लेकिन उसे स्वीकार करना चाहिए कि लोग उसे खारिज कर देंगे क्योंकि उसके कई नेता भ्रष्टाचार में शामिल हैं।’

भाकपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाला संप्रग सत्ता में खुद को बनाए नहीं रख पाएगा क्योंकि लोग भ्रष्टाचार एवं मल्टी ब्रांड रिटेल में एफडीआई की इजाजत और जरूरी चीजों की आसमान छूती कीमतों सहित दोषपूर्ण आर्थिक नीतियों से तंग आ गए हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 30, 2012, 18:29

comments powered by Disqus