Last Updated: Friday, April 27, 2012, 08:30
नई दिल्ली: देश की जनसंख्या वृद्धि दर में कमी आने के बावजूद इसके 2026 तक करीब 140 करोड़ हो जाने का अनुमान है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री सुदीप बंदोपाध्याय ने लोकसभा में बताया कि भारत के महापंजीयक की सूचना के अनुसार देश में वर्ष 2026 में अनुमानित जनसंख्या 139,98,38,000 होगी।
उन्होंने बद्रीराम जाखड़, सुरेंद्र सिंह नागर, रामसुंदर दास, राजेन गोहैन और कपिल मुनि करवारिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सरकार की जननी एवं बाल स्वास्थ्य-2 परियोजना में परिवार नियोजन एक अभिन्न हिस्सा है। परियोजना के लिए विश्व बैंक ने आंशिक सहायता प्रदान की है।
बंदोपाध्याय ने यह भी कहा कि भारत में परिवार कल्याण कार्यक्रम स्वैच्छिक स्वरूप का है जो किसी भी दंपति को किसी विविशता या लक्ष्य के बिना उनकी इच्छानुसार सबसे अनुकूलतम परिवार नियोजन प्रणाली को अपनाने की छूट देता है।
उधर स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने रापति सांबाशिवा राव के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक 2001 से 2011 के दशक में भारत में जनसंख्या वृद्धि की दर में आजादी के बाद सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गयी है।
(एजेंसी)
First Published: Friday, April 27, 2012, 14:01