26 की उम्र में पुरुष परेड का नेतृत्व कर किरण बेदी ने रचा था इतिहास

26 की उम्र में पुरुष परेड का नेतृत्व कर किरण बेदी ने रचा था इतिहास

26 की उम्र में पुरुष परेड का नेतृत्व कर किरण बेदी ने रचा था इतिहासनई दिल्ली : देश की प्रथम महिला आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने आज से 38 साल पहले उस समय एक इतिहास रचा था जब उन्होंने दिल्ली पुलिस के दस्ते की राजपथ पर परेड में अगुवाई की थी। किरण महज 26 साल की उम्र में सहायक पुलिस अधीक्षक (चाणक्यपुरी) बन गई थीं। उन्होंने 1975 के परेड में दिल्ली पुलिस के एक दस्ते का नेतृत्व किया था। उस वक्त उन्होंने एक नया इतिहास रचा था।

उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘मैंने 1975 में दिल्ली पुलिस दस्ते का नेतृत्व किया था। पहली बार किसी महिला ने पुरुष परेड का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बहुत खुश थीं।’ अब एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान बना चुकीं 64 साल की किरण उस दिन को याद करते हुए कहती हैं, ‘मेरे पीछे कुछ दूरी पर ही लंबे कद के पुरूष चल रहे थे। मैंने सलामी दी और श्रीमती गांधी खुशी से झूमते हुए खड़ी हो गईं। मैंने उन्हें देखा।’

उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी परेड में मुझे दिल्ली पुलिस के दस्ते का नेतृत्व करता देख इतना खुश हुईं कि उन्होंने मुझे अगली सुबह नाश्ते पर बुलाया। उस वक्त दिल्ली पुलिस आयुक्त इसको लेकर निश्चिंत नहीं थे कि कोई महिला नेतृत्व कर सकती है। मैंने इसके लिए जोर दिया था और वह इस बात से खुश हुए कि मैंने यह कर दिखाया।’ वैसे, किरण बेदी के बाद समय समय पर कई और महिलाओं ने भी परेड में नेतृत्व करने का गौरव हासिल किया।

साल 2012 में 63वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राजस्थान के सीकर की रहने वाली स्नेहा शेखावत ने परेड में वायुसेना के दस्ते का नेतृत्व किया था। ऐसा करने वाली वह पहली महिला पायलट बनीं। इस बार भी वायुसेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट हीना पोरे ने 144 जवानों वाले मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व किया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 26, 2013, 14:52

comments powered by Disqus