Last Updated: Sunday, November 11, 2012, 11:34

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: समय के साथ भारत और पाकिस्तान के रिश्ते सामान्य हो रहे हैं। भारत को उम्मीद है कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शामिल आरोपियों की आवाज के नमूने पाकिस्तान उसे देगा। जिससे हमले के दोषियों को सजा मिल सके। इस हमले का मास्टरमाइंड हाफिज सईद की आवाज का नमूना भारत पाकिस्तान से प्राप्त करना चाहता है।
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने शनिवार को कहा, पाकिस्तानी अधिकारी हमारे कानून विभाग से संपर्क करेंगे। वे हमें आतंकियों की आवाज के नमूने दे सकते हैं। भारत ने पाकिस्तान से 2008 में मुंबई आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों की आवाज का नमूना मांगा था।
गौरतलब है कि पाकिस्तान अब तक 26/11 आतंकी हमले के आरोपियों की आवाज का नमूना देने साफ इनकार करता रहा है। पाकिस्तान के इस रवैये से पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने फैसला किया था जब तक पाकिस्तान मुंबई आतंकी हमले में शामिल आतंकियों की आवाज का नमूना देने को राजी नहीं होगा तब तक पाक के गृह मंत्री रहमान मलिक से मुलाकात नहीं करेंगे।
उच्च सूत्रों ने बताया कि भारत इस्लामाबाद से हाफिज सईद का भाषण अंश चाहता है ताकि भारतीय जांच एजेंसी को मुंबई आतंकी हमले के दोषियों का पता लगाया जा सके। 26/11 आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी।
First Published: Sunday, November 11, 2012, 11:34