2जी : जोशी ने प्रणव को लिखी चिट्ठी - Zee News हिंदी

2जी : जोशी ने प्रणव को लिखी चिट्ठी

नई दिल्ली : लोकलेखा समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने 2जी स्पेक्ट्रम मामले में समिति की बैठक के दौरान संप्रग के कुछ सदस्यों की ओर से कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) पर लगातार किए जा रहे हमलों पर असंतोष जताने के लिए वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी को पत्र लिखा है।

 

सूत्रों का कहना है कि इस पत्र में जोशी ने 1.76 लाख करोड़ रुपए के अनुमानित नुकसान के मुद्दे पर कैग विनोद राय व उनके अधिकारियों के खिलाफ कांग्रेस के कुछ सदस्यों के हमले पर सवाल उठाया है। यह भी कहा जा रहा है कि पत्र के साथ उन्होंने कांग्रेस के सदस्य संजय निरुपम की टिप्पणी को भी संलग्न किया है।

 

निरुपम ने नुकसान की राशि पर सवाल उठाया है और इस बात पर आश्चर्य जताया है कि राय ने अपने कनिष्ठ आर.पी. सिंह की ओर से अनुमानित 2645 करोड़ रुपए के नुकसान को खारिज क्यों कर दिया। सूत्रों ने बताया कि जोशी ने यह पत्र इस हफ्ते की शुरुआत में लिखा और उन्होंने यह सवाल भी उठाया है कि कुछ दिनों पहले पीएसी के समक्ष पेशी के दौरान राय और सिंह को बोलने नहीं दिया गया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 13, 2011, 00:14

comments powered by Disqus