Last Updated: Monday, September 17, 2012, 20:20

नई दिल्ली : भारत में बड़े अमीरों की तादाद 7,730 है जिनके पास कुल 925 अरब डॉलर की संपत्ति है। हालांकि, एक साल पहले की तुलना में इन अमीरों की संख्या और संपत्ति कम हुई है। यह बात वैश्विक संपत्ति का आकलन करने वाली कंपनी वेल्थ एक्स ने कही।
कंपनी की वर्ष 2012.13 की रिपोर्ट के अनुसार भारत में बड़े अमीरों की तादाद 7,730 है जिनमें से 109 अरबपतियों की संपत्ति डॉलर के लिहाज से अरबों में है। हालांकि, पिछले साल की समान अवधि में इनकी संख्या 8,215 थी जिनके पास कुल 980 अरब डॉलर की संपत्ति थी।
वेल्थ एक्स के विश्लेषण से स्पष्ट है कि देश में 109 अरबपति हैं और यह समूचे बडे अमीरों की आबादी का 1.4 फीसद है और इसका इस समूह की कुल आबादी के 20.5 धन पर कब्जा है। औसतन इन अरबपतियों में से हरेक के पास 1.7 अरब डॉलर की संपत्ति है।
इधर वैश्विक स्तर पर इन बड़े अमीरों की आबादी 0.6 फीसद बढ़कर 1,87,380 हो गई जिनके पास कुल 2,580 अरब डॉलर की संपत्ति है।
उल्लेखनीय है कि यूरो क्षेत्र संकट और उभरती अर्थव्यवस्थाओं में नरमी के कारण इनकी कुल संपत्ति में पिछले साल भर में 1.8 फीसद की गिरावट आई है।
एशिया में बड़े अमीरों की संख्या में विभिन्न क्षेत्रों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। इस क्षेत्र में ऐसे अमीरों की संख्या 2.1 प्रतिशत कम हुई है। शेयरों के दाम घटने, विशेषकर जापान, चीन और भारत में इनमें गिरावट आने से यह संख्या कम हुई है। (एजेंसी)
First Published: Monday, September 17, 2012, 20:20