BMC : शिवसेना गठबंधन का जादू बरकरार - Zee News हिंदी

BMC : शिवसेना गठबंधन का जादू बरकरार

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

मुंबई : महाराष्ट्र की बृह्न्मुम्बई महानगर पालिका (बीएमसी) पर शिव सेना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) गठबंधन ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को तगड़ा झटका देते हुए अपना कब्जा बरकरार रख है। बीएमसी में भगवा गठबंधन ने लगातार चौथी बार जीत हासिल की है।

 

बीएमसी की 227 सीटों में से शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन ने 107 सीटों पर कब्जा जमाया। शिव सेना के खाते में 75 जबकि भाजपा के खाते में 32 सीटें गईं। पहली बार साथ चुनाव लड़ने वाला कांग्रेस-राकांपा गठबंधन 65 सीटों से ऊपर नहीं जा सका। कांग्रेस को 50 और राकांपा को 14 सीटें मिल सकी। अन्य के खाते में 28 सीटें गई हैं। राज ठाकरे के नेतृत्व वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने 28 सीटों पर कब्जा जमाया। मनसे की ताकत तो इस चुनाव में बढ़ी है लेकिन जैसा कि उन्होंने दावा किया था, वह न तो किंग बन सके और न ही किंग मेकर की भूमिका में आ सके। मनसे ने शिव सेना के गढ़ दादर की सातों सीटों पर कब्जा जमाकर उसका सूपड़ा साफ कर दिया।

 

बीएमसी में शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन को स्पष्ट बहुमत तो नहीं मिला है लेकिन वह सबसे बड़े गठबंधन के रूप में जरूर उभरी है। स्पष्ट बहुमत के लिए आवश्यक 114 के जादुई आंकड़े से वह सात कदम सीट पीछे रह गई है लेकिन इस बात की पूरी सम्भावना है कि विद्रोही और निर्दलीय उम्मीदवारों की बदौलत बीएमसी पर अपना कब्जा जरूर जमा लेगी। शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन ने ठाणे नगर निगम (टीएमसी) पर कब्जा जमाया है। यहां की 130 सीटों में उसने 61 सीटें जीत ली हैं जबकि कांग्रेस-राकांपा गठबंधन 52 सीटें जीत सकी है। मनसे ने यहां सात सीटों पर कब्जा जमाया है। यहां की सत्ता पर काबिज होने के लिए भगवा गठबंधन आवश्यक बहुमत के आंकड़े से थोड़ा दूर है लेकिन समझा जाता है कि विद्रोही पार्षदों और निर्दलीयों की मदद से इस कमी को पूरा कर लेगा।

 

मनसे ने पुणे और नासिक नगर निगम चुनावों में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। पुणे में उसने 28 तो नासिक में 40 सीटें जीती हैं। इन सीटों पर वह जरूर किंग और किंग मेकर की भूमिका में दिख रही है। 73 सीटों वाले अकोला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन के खाते में 23 सीटें गई हैं जबकि शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन ने 26 सीटों पर कब्जा जमाया है। यहां मनसे को एक, निर्दलीय एवं अन्य को 23 सीटें मिली हैं। 87 सीटों वाले अमरावती नगर निगम चुनावों में कांग्रेस-रांकापा गठबंधन ने 42 सीटें जीती हैं जबकि शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन के खाते में 20 सीटें आई हैं। यहां मनसे ने पांच, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने छह सीटों पर कब्जा जमाया है। अन्य के खाते में आठ सीटें गई हैं।

 

128 सीटों वाले पिम्परी-चिंचवाड नगर निगम चुनावों में राकांपा को सर्वाधिक सीटें मिली हैं। यहां राकांपा ने 83 सीटों पर कब्जा जमाया है जबकि कांग्रेस को 14 सीटें मिली हैं। शिव सेना-भाजपा-आरपीआई गठबंधन को यहां महज 18 सीटें से ही संतोष करना पड़ा है। मनसे ने चार, निर्दलीयों और अन्य ने नौ सीटें जीती हैं।

 

उल्हासनगर की 78 सीटों में शिव सेना-भाजपा गठबंधन ने 30 सीटों पर जबकि कांग्रेस-राकांपा गठबंधन ने 28 सीटों पर कब्जा जमाया है। यहां बसपा दो और मनसे एक सीट जीतने में सफल रही। अन्य के खाते में 13 सीटें हैं। नागपुर में भगवा गठबंधन अपनी साख बचाने में सफल रही लेकिन उसके महापौर और उपमहापौर को हार का सामना करना पड़ा। यहां की 145 में से भाजपा ने यहां 56 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि शिव सेना छह सीटों पर। कांग्रेस-राकांपा गठबंधन यहां 43 सीटें जीतने में सफल रहा।

 

बीएमसी की जीत ने शिव सेना-भाजपा गठबंधन में नई जान फूंक दी है। खासकर शिव सेना में जो पिछले कुछ अरसे से अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी। जीत के बाद शिव सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने इसे मुम्बईवासियों की जीत बताया। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा मानता रहा हूं कि जब संकट सामने आता है तो वह हमारे लिए चुनौती होती है। हमने अपने शिव सनिकों से यही कहा। जीत खुशी की बात है। मैं जनता को धन्यवाद देता हूं। यह बाला साहब ठाकरे, शिव सैनिकों और महाराष्ट्र की जनता की जीत है। यह विकास की जीत है।' राज ठाकरे ने कहा, 'पिछली बार के मुकाबले इस बार हमें दोगुने-तिगुने वोट मिले। पुणे और नासिक में हम अच्छी स्थिति में हैं। दादर की जीत सबसे अहम है।'

First Published: Saturday, February 18, 2012, 11:21

comments powered by Disqus