CPI (M) का वाम-लोकतांत्रिक विकल्प का आह्वान - Zee News हिंदी

CPI (M) का वाम-लोकतांत्रिक विकल्प का आह्वान

कोझिकोड : कांग्रेस और भाजपा पर नव उदारवादी नीतियों को बढ़ावा देने के आरोप के साथ माकपा की 20वीं कांग्रेस आज यहां शुरू हुई। कांग्रेस में देश और लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए वाम और लोकतांत्रिक बलों को मिलाकर एक विकल्प बनाने का आह्वान किया गया।

 

पार्टी के महासचिव प्रकाश करात ने बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘लोग एक विकल्प की तलाश कर रहे हैं। वाम और लोकतांत्रिक बल ही ऐसा विकल्प मुहैया करा सकते हैं।’ बैठक में देश भर के 700 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। करात ने कहा कि नव उदारवादी नीतियों का विरोध पार्टी का मुख्य मकसद होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों एक ही नीतियों का अनुसरण कर रहे हैं। भ्रष्टाचार के मामले में भी उन्होंने दोनों दलों पर निशाना साधा।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग और भाजपा नीत राजग दोनों महंगाई और खाद्य सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे के समाधान में नाकाम रहे तथा पिछले दो दशक के दौरान उनकी आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों पर काफी भार पड़ा है। करात ने कहा, ‘हम अन्य वाम और धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दलों के साथ मिलकर इन नीतियों के खिलाफ संयुक्त संघर्ष शुरू करेंगे।’ (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 4, 2012, 16:53

comments powered by Disqus