Last Updated: Thursday, July 26, 2012, 21:28
भुवनेश्वर : अमेरिका में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए गए भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद महापात्र को वहां के पेनसिलवानिया प्रांत में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ओड़िशा सरकार की ओर से यहां प्राप्त सूचना के अनुसार महपात्र संभलपुर में क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक हैं। राज्य सरकार ने हालांकि कहा कि उसे महापात्र के खिलाफ लगाये गए आरोपों की ठीक ठीक जानकारी नहीं है। ऐसी खबर है कि ओड़िशा कैडर के अधिकारी पर उस होटल के एक महिला कर्मचारी को ‘गलत ढंग से रोके रखने’ का आरोप है।
सरकार ने कहा कि वह केंद्र और अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास के साथ सम्पर्क में है लेकिन महापात्र से सम्पर्क स्थापित नहीं हो सका है। वन एवं पर्यावरण मंत्री देवी प्रसाद मिश्र ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हमें ओड़िशा कैडर के आईएफएस अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद महापात्र को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की सूचना मिली है। राज्य सरकार पर्यावरण एवं वन मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ सम्पर्क में है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 26, 2012, 21:28