Last Updated: Friday, April 6, 2012, 11:24
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के 32 वें स्थापना दिवस के अवसर पर अध्यक्ष नितिन गडकरी ने हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के उल्लेख से बचते हुए आज कहा कि भाजपा कोई सांसद या विधायक बनाने की फैक्ट्री नहीं है। उन्होंने भाजपा शासित गुजरात और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया।
इस मौके पर यहां पार्टी मुख्यालय में विरासत प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए गडकरी ने अपने भाषण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी कई बार उल्लेख किया, उनकी कविताओं की पंक्तियां सुनाई और बताया कि वह हर पखवाड़े उनका आर्शीवाद लेने उनके आवास पर जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कई समय से अस्वस्थ चल रहे वाजपेयी के निवास पर वह आठ दिन पहले ही गए थे। ‘उनका आर्शीवाद लेने मैं हर पंद्रह दिन पर उनके घर जाता हूं।’
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कोई सांसद और विधायक बनाने की फैक्ट्री नहीं है। जिन लोगों ने पार्टी की स्थापना की है उनका विश्वास राष्ट्र निर्माण के सिद्धांत में है।
गडकरी ने बताया कि पार्टी इन दिनों ‘भारत दृष्टि 2025’ दस्तावेज को बनाने में जुटी है और इस साल के अंत तक उसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह देश का मास्टर प्लान होगा जिसमें हर क्षेत्र के विकास का खाका रखा जाएगा।
भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘ संप्रग सरकार के शासन से जनता का विश्वास उठ गया है। भ्रष्टाचार ने सारे रिकार्ड तोड़ डाले हैं। चारों ओर अंधेरा है। हमें अटलजी का आर्शीवाद प्राप्त है। वर्तमान स्थिति बदलेगी। अंधेरा छटेगा, उजाला आएगा और कमल खिलेगा। ’
(एजेंसी)
First Published: Friday, April 6, 2012, 17:01