NIA के हवाले किया जाएगा भटकल: गृह मंत्रालय

NIA के हवाले किया जाएगा भटकल: गृह मंत्रालय

नई दिल्ली : उत्तर बिहार में भारत नेपाल सीमा पर से गिरफ्तार दुर्दांत आतंकवादी और इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के सह संस्थापक यासीन भटकल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के हवाले किया जाएगा। भटकल को पांच साल तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने आज बताया कि उसे जांच के लिए एनआईए के हवाले किया जाएगा।

भटकल कई आतंकवादी घटनाओं एवं देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के मामले में एनआईए द्वारा वांछित है। एनआईए ने उसके पकड़े जाने के लिए 10 लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखी थी। उस पर भादंसं और अवैध गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

उसके खिलाफ एक गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। वह कर्नाटक के भटकल का रहने वाला है। भटकल 2008 से फरार चल रहा है। वह अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद के आतंकवादी हमले के मामलों में वांछित है।

वर्ष 2008 में अपने भाई रियाज के साथ इंडियन मुजाहिदीन की स्थापना करने वाला भटकल जर्मन बेकरी बम धमाके मामले में भी वांछित है। वहां 13 फरवरी, 2010 को बम धमाके होने से 17 लोगों की जान चली गयी थी। सरकार ने अवैध गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत आईएम को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखी है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 29, 2013, 15:37

comments powered by Disqus