POK में अपनी गतिविधियों को रोकेगा चीन!

POK में अपनी गतिविधियों को रोकेगा चीन!

POK में अपनी गतिविधियों को रोकेगा चीन!नई दिल्ली : रक्षा मंत्री एके एंटनी ने आज लोकसभा में जानकारी दी कि सरकार ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चीन की गतिविधियों को लेकर अपनी चिंता उसके सामने रखी है और इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए कहा है। एंटनी ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि सरकार सियाचिन से सैनिकों को वापस बुलाने के बारे में विचार नहीं कर रही।

पीओके में चीनी सैनिकों की मौजूदगी के संबंध में एंटनी ने कहा, ‘‘सरकार को पीओके में निर्माण परियोजनाओं में चीन के शामिल होने की जानकारी है जिन पर चीन की निर्माण कंपनियां काम कर रहीं हैं। सरकार ने चीन को पीओके में उसकी गतिविधियों को लेकर अपना संदेश पहुंचाया है और इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए कहा है।’’ एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि वर्ष 2010 से सियाचिन ग्लेशियरों में हिमस्खलनों के चलते 18 भारतीय जवानों ने अपनी जान गंवा दी। वर्ष 2010 में छह जवान शहीद हो गये थे वहीं 2011 में इस तरह के पांच मामले सामने आये। 2012 में सात जवानों को जान गंवानी पड़ी। इस साल अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है।

पिछले एक साल में जम्मू कश्मीर में सैन्य शिविरों पर आतंकवादी हमलों के संबंध में पूछे गये सवाल पर रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में पिछले एक साल में सैन्य शिविरों पर आतंकवादियों द्वारा गोलीबारी की दो घटनाएं घटी हैं। एक घटना में एक सैनिक की मौत हो गयी।’’ इस तरह की घटनाओं को रोकने के सिलसिले में उन्होंने कहा, ‘‘सेना ने सैन्य शिविरों पर हमलों को रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाये हैं जिनमें सैनिकों की तैनाती और निगरानी उपकरण शामिल हैं।’’

चीफ आफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति के प्रश्न पर एंटनी ने कहा, ‘‘2006 में परामर्श प्रक्रिया शुरू हुई थी और रक्षा मंत्री ने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं को पत्र लिखकर इस पद के सृजन पर उनकी राय मांगी थी।’’ उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों के विचारों का अब भी इंतजार है। इस विषय पर चल रही प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही फैसला किया जाएगा। पिछले तीन साल में सेना में भर्ती के संबंध में एंटनी ने सदन में जानकारी दी कि 2010 में 1488 अधिकारियों की भर्ती की गयी जिनमें 93 महिलाएं थीं। वर्ष 2011 में 164 महिलाओं समेत 1780 अधिकारियों को सेना में शामिल किया गया। 2012 में भर्ती अधिकारियों की संख्या 2035 रही जिनमें 157 महिला अधिकारी थीं। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 18, 2013, 17:31

comments powered by Disqus