संप्रग सरकार पर हमला करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने शनिवार को कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्व के सामने भारत को छोटा कर द

UPA कार्यकाल में वैश्विक मंच पर भारत का कद छोटा हुआ : जेटली

UPA कार्यकाल में वैश्विक मंच पर भारत का कद छोटा हुआ : जेटलीपटना : संप्रग सरकार पर हमला करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने शनिवार को कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्व के सामने भारत को छोटा कर दिया है।

भाजपा की प्रदेश कार्य समिति के उद्घाटन कार्यक्रम में जेटली ने कहा,‘प्रधानमंत्री बार बार कहते हैं कि विश्व के देशों में भारत का कद बहुत ऊंचा है लेकिन इस संप्रग सरकार के कार्यकाल में विश्व के सामने भारत छोटा हो गया है।’

उन्होंने कहा, ‘हिंद महासागर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मालदीव भारत की बात नहीं मानता है। पाकिस्तान हमारे सैनिकों के सिर काटकर धड़ वापस कर देता है। वह हैदराबाद में धमाका करा रहा है, सीआरपीएफ पर हमला कर रहा है। पाकिस्तान की संसद एक आतंकवादी के लिए खडी हो जाती है।’

उन्होंने कहा, ‘बोफोर्स तोप घोटाले का आरोपी फरार हो जाता। वीवीआईपी घोटाले में जांच के लिए पहुंचे भारत के अधिकारियों को इटली से वापस कर दिया जाता है और गलत शपथपत्र देखकर मछुआरों के हत्या के आरोपी इटली चले जाते हैं।’

भाजपा नेता ने कहा कि इन सब घटनाओं से संप्रग सरकार ने विश्व के सामने भारत को छोटा कर दिया है। मिस्र के शर्म-अल-शेख में मनमोहन सिंह कहते हैं कि भले आतंकवाद समाप्त न हो पाकिस्तान से वार्ता जारी रहेगी। प्रधानमंत्री कहते हैं कि हमारा कद बड़ा है। अब जनता को निर्णय करना है कि कद बढा है कि हम बौने हुए हैं।

वर्तमान प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए जेटली ने कहा, ‘अब देश की सुरक्षा पर भी प्रहार हो रहा है। आर्थिक विकास की दर स्थिर हो रही है। केंद्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम को देश की आर्थिक स्थिति खराब रहने के कारण बजट में 93 हजार करोड रुपये की कमी करनी पडी है।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 16, 2013, 17:37

comments powered by Disqus