Last Updated: Sunday, March 3, 2013, 18:52
नई दिल्ली : अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों पर नजर रखते हुए भाजपा ने आज खुद को देश में कांग्रेस के एकमात्र विकल्प के तौर पर पेश किया और संप्रग को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुटता से आगे बढ़ने एवं राजग का विस्तार करने की बात कही।
भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर संप्रग सरकार को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया है कि देश को भ्रष्टाचार, कुशासन, महंगाई और संप्रग सरकार के गैरजिम्मेदाराना रिकार्ड से छुटकारा दिलाने के लिए निर्णायक बदलाव की जरूरत है।
प्रस्ताव में कहा गया, ‘‘यह गठबंधन सरकार नहीं है बल्कि भ्रष्ट लोगों का गठबंधन है।’’ इसमें कहा गया है कि भारत को संप्रग के शासन से भाजपा के नेतृत्व वाले राजग द्वारा छुटकारा दिलाने की जरूरत है।
प्रस्ताव के अनुसार, ‘‘देश को जगाने, राजग का विस्तार करने तथा जब भी चुनाव हों एक निर्णायक बदलाव की उम्मीद पैदा करने का समय आ गया है।’’ इसमें कहा गया है कि देश को कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के कुशासन से मुक्ति दिलाने के लिए सुशासन के रिकार्ड वाला भाजपा नीत राजग ही एक मात्र विकल्प है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 3, 2013, 18:52