Last Updated: Saturday, March 9, 2013, 14:52
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी में प्राप्तांकों को अंतिम गणना जोड़े जाने का विरोध करते हुए केन्द्र से अंग्रेजी के संदर्भ में केन्द्रीय लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा में की गई अनावश्यक परविर्तन तथा जनविरोधी समस्याओं को तत्काल समाप्त करने आग्रह किया है।
चौहान ने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को लिखे अपने पत्र में कहा कि अंग्रेजी में प्राप्त अंक अंतिम गणना में जोड़ने से भारत के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों के युवाओं की संभावनाओं पर ही नहीं बल्कि शहरी मलिन बस्तियों व शहरी गरीबों एवं मध्यवर्गीय युवाओं के मनोबल और भविष्य पर भी निर्मम आघात हुआ है। चौहान ने कहा कि पिछले कई दशकों में इन्हीं वर्गो से बहुत से युवा अपनी जबर्दस्त प्रतिभा के चलते भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा, वन सेवा, राजस्व सेवा व अन्य सम्बद्ध सेवाओं में भर्ती होते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि इस तरह के निर्णयों के जरिए यह दंड उन मासूम युवाओं को दिया जा रहा है जो अपने परिवेश की अपर्याप्तताओं के लिए जिम्मेदार नहीं हैं बल्कि उनके शिकार हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 9, 2013, 14:52