अंसारी सरकारी यात्रा पर वियतनाम रवाना

अंसारी सरकारी यात्रा पर वियतनाम रवाना

नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी चार दिनों की आधिकारिक यात्रा पर आज वियतनाम रवाना हो गए। वियतनाम के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से की जा रही इस यात्रा के दौरान कुछ सामरिक, व्यापारिक और अन्य द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है।

यात्रा के दौरान अंसारी भारत वियतमान राजनयिक संबंधों की 40वीं सालगिरह पर आयोजित समापन समारोह में भी शामिल होंगे।

इस मौके पर भारत में आयोजित कार्यक्रम में वियतनामी उप प्रधानमंत्री वी वान निन्ह शामिल हुए थे। वह पिछले हफ्ते भारत आए थे। दोनों देशों ने 2012 को भारत-वियतनाम मित्रता वर्ष के रूप में मनाया था।

अंसारी हो ची मिन्ह शहर भी जाएंगे जहां उनके भारतीय अनिवासी मूल के लोगों से मिलने का कार्यक्रम है।

वियतनाम ने दक्षिणी चीन सागर में चीनी हस्तक्षेप का खुला विरोध किया है। दक्षिण चीन सागर में विभिन्न मुद्दों को लेकर कुछ महीने पहले भारत और चीन के बीच मतभेद उभर कर सामने आए थे।

भारत का कहना है कि दक्षिणी चीन सागर में वह तेल उत्खनन जैसी आर्थिक गतिविधियों में ही शामिल है। लेकिन चीन का कहना है कि भारत उस क्षेत्र में सामरिक उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहा है।

इस मुद्दे को लेकर भारत और वियतनाम करीब आए हैं। वियतनाम ने कहा है कि इन मुद्दों पर बातचीत आसियान के छह सूत्री सिद्धांत और समुद्र संबंधी 1982 के संयुक्त राष्ट्र कानून के अनुसार हो। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग 2007 से हैं जब संबंध सामरिक सहयोग के स्तर तक पहुंच गए थे। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 14, 2013, 16:22

comments powered by Disqus