Last Updated: Sunday, November 4, 2012, 14:13
नई दिल्ली : सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह श्रीलंका तथा भारत के बीच सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए अगले महीने इस पड़ोसी देश की यात्रा पर जाएंगे।
सेना प्रमुख की यह यात्रा ऐसे समय पर होने जा रही है जब तमिलनाडु के राजनीतिक दलों ने कोलंबो के साथ किसी तरह के रक्षा सहयोग के खिलाफ कमर कस रखी है।
सेना के सूत्रों ने यहां बताया कि जनरल बिक्रम सिंह का दिसंबर के तीसरे हफ्ते में श्रीलंका की यात्रा करने का कार्यक्रम है और दोनों देशों के अधिकारी इस यात्रा की तारीखों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। इस यात्रा के दौरान सेना प्रमुख द्वारा दोनों देशों की सेनाओं के प्रशिक्षण, सैन्य साजो सामान और संयुक्त अ5यास के सिलसिले में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने की उम्मीद है। दुनिया के सबसे घातक चरमपंथियों में शामिल संगठन लिट्टे पर नियंत्रण करने में श्रीलंका के अनुभव पर भी उनकी यात्रा के दौरान चर्चा किए जाने की संभावना है।
भारतीय और श्रीलंकाई सेनाओं के बीच अगले साल एक संयुक्त सैन्य अभ्यास होने की भी उम्मीद है। श्रीलंका के रक्षा सचिव गोटभाया राजपक्षे के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन और रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा के बीच पिछले महीने के अंत में सहयोग के ब्योरे पर रक्षा वार्ता में चर्चा हुई थी। हालांकि, तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टियां श्रीलंका के साथ किसी तरह का रक्षा संबंध रखने का विरोध कर रही है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 4, 2012, 14:13