अन्ना के बयान पर बिफरी भाजपा - Zee News हिंदी

अन्ना के बयान पर बिफरी भाजपा

नई दिल्ली : भाजपा ने अन्ना हजारे से सवाल किया है कि अगर वह भाजपा को भ्रष्ट मानते हैं तो वह लोकायुक्त विधेयक के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की तारीफ क्यों कर रहे हैं।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘अन्ना की बात से मैं सहमत नहीं हूं। अगर वह हमें भ्रष्टाचार में ग्रेजुएट या डॉक्टरेट प्राप्त समझते हैं तो फिर उत्तराखंड में हमारी सरकार लोकायुक्त विधेयक क्यों पारित कराती। जहां तक मैं जानता हूं, अन्ना ने खंडूरी की जमकर प्रशंसा की है। कांग्रेस और भाजपा में फर्क है। अन्ना खुद उत्तराखंड के लोकायुक्त विधेयक को आदर्श मानने की बात कह चुके हैं।’

 

खंडूरी का भाजपा का मुख्यमंत्री होने के नाते नहीं, बल्कि लोकायुक्त विधेयक के लिए व्यक्तिगत रूप से समर्थन करने के अन्ना के दावे पर सिन्हा ने सवाल किया कि क्या अन्ना को जहां उचित नहीं लगता, वहां वह भाजपा का नाम नहीं लेना चाहते।

 

दिल्ली पहुंचे अन्ना हजारे ने आज अपना मौन व्रत तोड़ने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह मानते हैं कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री खंडूरी ने लोकायुक्त विधेयक पारित कराकर शानदार काम किया है। अन्ना ने कहा कि वह खंडूरी के भाजपा से जुड़े होने के लिए नहीं, बल्कि एक साहसी काम के लिए व्यक्तिगत तौर पर उनकी तारीफ कर रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 4, 2011, 18:54

comments powered by Disqus