अन्ना-संघ मुद्दे पर दिग्विजय की चुटकी - Zee News हिंदी

अन्ना-संघ मुद्दे पर दिग्विजय की चुटकी

नई दिल्ली: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने अन्ना पक्ष-राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के बीच के संबंधों के मुद्दे को छेड़ते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि मोहन भागवत, अन्ना हजारे और गोविंदाचार्य इस मुद्दे पर एक दूसरे का ‘खंडन’ कर रहे हैं।

 

सिंह ने माइक्रोब्लागिंग साइट ट्विटर पर चुटकी लेते हुए अपनी टिप्पणी करते हुए लिखा, ‘मुझे नहीं पता कि मैं किस पर विश्वास करूं। अन्ना, संघ प्रमुख, गोविंदाचार्य, संघ के भय्यू जोशी या बाबा रामदेव? सभी एक दूसरे का खंडन कर रहे हैं। अन्ना की जय हो।’

 

कांग्रेस महासचिव ने अपने पूर्व के आरोप कि अन्ना आंदोलन के पीछे संघ है, याद दिलाया कि अन्ना पक्ष ने संघ और भाजपा प्रमुख नितिन गडकरी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया था।

 

उन्होंने लिखा है, ‘मैं अन्ना आंदोलन के पीछे संघ के होने के आरोप लगाता हूं। गोविंदाचार्य-संघ कार्यकर्ताओं ने अन्ना आंदोलन का इंतजाम किया। अन्ना पक्ष ने संघ और गडकरी को उनकी सहायता के लिए धन्यवाद भी दिया था।’

 

दिग्विजय ने भागवत, अन्ना और गोविंदाचार्य के बयानों में विरोधाभास की ओर इशारा करते हुए लिखा है, ‘‘संघ प्रमुख ने अन्ना को अपना समर्थन देने का दावा किया। अन्ना ने उनके समर्थन से इनकार किया। संघ के भय्यू जोशी ने अन्ना को कृतघ्न बताया। संघ प्रमुख ने अपना समर्थन देने की बात दोहरायी।’

 

कांग्रेस महासचिव ने लिखा, ‘अन्ना ने एक बार फिर संघ का समर्थन होने से इनकार किया। अब संघ प्रमुख मुकरते हुए कहा कि संघ अन्ना का समर्थन नहीं कर रहा है। बाबा रामदेव कहते हैं कि संघ अन्ना का समर्थन कर रहा है। अन्ना इससे एक बार फिर इससे इनकार किया।’

 

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने अन्ना आंदोलन को संघ का समर्थन होने संबंधी दावे और उसका खंडन करने के लिए किये जाने वाले दावों को ‘चूहे बिल्ली का खेल’ करार देते हुए मांग की थी कि इसके पीछे की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।’

 

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार कहा था कि अन्ना हजारे का भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन को उनके संगठन का समर्थन था और संघ के कार्यकर्ताओं को इस आंदोलन में हिस्सा लेने से रोका नहीं गया था लेकिन संगठन का कहना है कि गाधीवादी अन्ना के साथ उसका कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।

 

हजारे ने इससे इनकार किया कि संघ इस आंदोलन का समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘मेरा संघ के साथ कोई संबंध नहीं है।’ अन्ना ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।   (एजेंसी)

First Published: Friday, November 11, 2011, 19:16

comments powered by Disqus