अन्‍ना की चाहत, संसद से ऊपर हों ग्रामसभाएं - Zee News हिंदी

अन्‍ना की चाहत, संसद से ऊपर हों ग्रामसभाएं

रालेगण सिद्धी : अन्ना हजारे ने आज कहा कि उनके आंदोलन का अगला चरण जनता के लिए अधिकार हासिल करने का होगा। ताकि जनता को लोकतंत्र का लाभ मिले। अन्ना ने अपने गांव में गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराने के बाद कहा, ‘फिलहाल सत्ता मुंबई में या दिल्ली में मंत्रालय (सचिवालय) में होती है। सत्ता के विकेंद्रीकरण की जरूरत है।’

 

अन्ना हजारे ने ग्राम सभाओं को और अधिकार दिए जाने के लिए नया कानून लाने के लिए ताजा संघर्ष का आह्वान किया और कहा कि वे संसद एवं विधानसभाओं से भी ऊपर हैं।

 

लोकपाल विधेयक को पारित करने में राज्यसभा की विफलता की निंदा करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने आज एक ऐसा कानून लाने का साहसी सुझाव दिया जिससे ग्रामसभाएं संसद से भी ऊपर होंगी। अन्ना पक्ष की एक संगोष्ठी में वीडियो के माध्यम से संबोधन करते हुए हजारे ने कहा कि यदि सरकार ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने के लिए कानून नहीं लाती है तो लोगों को जन लोकपाल विधेयक आंदोलन के जैसे आंदोलन के लिए कमर कसनी होगी।

 

उन्होंने कहा कि लोकसभा सोचती है कि वह हरेक से ऊपर है। यह गलत है। लोगों ने आपको चुना है। अतएव वे आपसे ऊपर हैं। यह लोकतंत्र का पावन मंदिर है। ऐसे पवित्र स्थान पर लोकपाल विधेयक को लेकर पिछले दिनों राज्यसभा में क्या हुआ। अपने आधे घंटे के भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि 550 लोग अपने अपने सुझाव दे रहे थे। किसी ने भी लोगों से (उनकी राय) नहीं पूछा।

 

अतएव हमें एक अन्य कानून की जरूरत है। विधानसभाए और लोकसभा सोचती हैं कि वे ग्रामसभाओं से उपर है। लेकिन ग्राम सभाएं आप से उपर हैं। हमें एक ऐसे कानून की जरूरत है जो ग्रामसभाओं को ऐसे अधिकार प्रदान करे।

 

अन्ना के सहयोगी दत्ता अवारी ने बताया, ‘अन्ना ने संकेत दिया है कि अब तक लड़ाई मजबूत लोकपाल के लिए थी जो जारी रहेगी। हालांकि उन्होंने आंदोलन को व्यापक करने तथा सत्ता का विकेंद्रीकरण करने के लिए अभियान चलाने की बात कही।’

 

अन्ना ने कहा कि गणतंत्र शब्द का अर्थ है कि ‘जनता के हाथ में सत्ता’ हो। लेकिन आज ऐसा नहीं है। कार्यक्रम में हिंदी फिल्मों के अभिनेता अनुपम खेर ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई में अपने अभिनय संस्थान में रालेगण के युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देंगे। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 27, 2012, 11:52

comments powered by Disqus