अफजल को फांसी राष्ट्रीय हित का फैसला : भाजपा

अफजल को फांसी राष्ट्रीय हित का फैसला : भाजपा

नई दिल्ली : संसद पर हमले के दोषी करार दिये गए अफजल गुरु को फांसी दिये जाने का स्वागत करते हुए भाजपा ने आज कहा कि यह देर से लिया गया राष्ट्रीय हित का फैसला है।

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश के खिलाफ युद्ध का षड्यंत्र और लोकतंत्र के मंदिर पर हमले के गुनाहगार को फांसी देर से लिया गया राष्ट्रीय हित का फैसला है।

उन्होंने कहा, ‘देर से लिए गए फैसले के बावजूद देश ने राहत की सांस ली है और इससे आतंकियों और देशद्रोहियों को एक संदेश गया है।’ नकवी ने कहा कि देश बहुत दिनों से मांग कर रहा था कि ऐसे राष्ट्रद्रोही को सजा मिले और उसे उच्चतम न्यायालय के फैसले के अनुरूप फांसी पर चढ़ाया जाए। यह पूछे जाने पर कि क्या अफजल गुरु को फांसी दिये जाने के बाद गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे का बहिष्कार जारी रहेगा, नकवी ने कहा कि दोनों अलग अलग विषय है। शिंदे अपने बयान पर स्पष्टीकरण दें, माफी मांगे।

भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रातप रूड़ी ने कहा, ‘यह देर से लिया गया कदम है लेकिन नि:संदेह यह स्वागत योग्य कदम है। इसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी ताकि दुनिया देखे कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से आतंक को बढ़ावा देने वालों एवं ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग करती रही है।

रूड़ी ने कहा कि अफजल गुरु को फांसी देने जैसे मामलों पर कार्रवाई तत्काल होनी चाहिए, इसमें देरी नहीं होनी चाहिए। अगर शीर्ष अदालत ने अफजल की सजा को बरकरार रखा तब कोई कारण नहीं था कि उसकी दया याचिका को इतने समय तक लटका कर रखा जाए। गौरतलब है कि साल 2001 में संसद पर हुए हमले के दोषी मोहम्मद अफजल गुरु को आज गोपनीय अभियान के तहत दिल्ली के तिहाड़ जेल में सुबह आठ बजे फांसी दे दी गई। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 9, 2013, 10:33

comments powered by Disqus