अफजल गुरु को भी जल्द हो फांसी: भाजपा

अफजल गुरु को भी जल्द हो फांसी: भाजपा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुम्बई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमले के लिए दोषी ठहराए गए अजमल आमिर कसाब को फांसी दिए जाने का स्वागत करते हुए 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हमले की साजिश के लिए दोषी ठहराए गए अफजल गुरु को भी जल्द फांसी दिए जाने की मांग की। पार्टी ने इसे देर से उठाया गया सही कदम बताया। भाजपा के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददातओं से कहा कि उसे फांसी देने में चार साल लगे, लेकिन देर आए दुरूस्त आए।

पार्टी ने केंद्र सरकार से सभी दया याचिकाओं पर जल्दी फैसला लेने की मांग की। प्रसाद ने यह भी कहा कि मुम्बई हमले के कई साजिशकर्ता और इसमें शामिल लोग अब भी पाकिस्तान में हैं।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय अफजल गुरु की याचिका खारिज कर चुका है। उसकी पुनर्विचार याचिका भी खारिज कर दी गई है। लेकिन केंद्र सरकार ने अब तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया है? मुझे उम्मीद है कि केंद्र सरकार अब दया याचिकाओं से सम्बंधित पूरी प्रक्रिया तेजी से निपटाएगी। इसी तरह के विचार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह ने भी व्यक्त किए। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर मोदी ने लिखा, "अफजल गुरु का क्या होगा, जिसने वर्ष 2001 में हमारे लोकतंत्र के मंदिर संसद पर हमला किया? संसद पर हमला कसाब के अपराध से कई साल पहले हुआ।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी ट्विटर पर लिखा कि अंतत: कसाब को फांसी दे दी गई। केंद्र सरकार को पाकिस्तान में बैठे साजिशकर्ताओं के मामले को भी उठाना चाहिए। अफजल गुरु के मामले को भी तेज किया जाना चाहिए। वहीं, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह भारत के शत्रुओं के लिए चेतावनी है, खासकर उनके लिए जो सीमा पार से भारत में आतंक फैलाना चाहते हैं। भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कसाब को फांसी पीड़ितों के जख्मों पर मरहम की तरह है। लेकिन मुम्बई हमले के पीड़ितों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी जब सीमा पार बैठे कसाब के आकाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कसाब को बुधवार सुबह पुणे की यरवडा जेल में फांसी दे दी गई। वह उन 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों में था, जिन्होंने 26 नवंबर, 2008 को मुम्बई पर हमला किया था। आतंकवादियों ने 29 नवंबर तक मुम्बई को बंधक बनाए रखा। इस दौरान 166 लोग मारे गए, जबकि 300 घायल हो गए। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 21, 2012, 15:51

comments powered by Disqus