Last Updated: Friday, June 28, 2013, 11:51
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम पर नवी मुंबई की तलोजा जेल में हमले के बाद इस बात को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है कि कहीं इस हमले में अंडरवर्ल्ड गिरोह का सरगना दाऊद इब्राहिम का हाथ तो नहीं है। एक समाचार पत्र के मुताबिक माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम ने हमले की जिम्मेदारी ली है। छोटा शकील ने उनके प्रतिनिधि से बातचीत में हमले की जिम्मेदारी ली। इस हमले में अबू सलेम मामूली रूप से घायल हो गया था। उसे नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
संयुक्त आयुक्त (कानून व्यवस्था) देवेन्द्र भारती की मानें तो सलेम पर एक राउंड फायर किया गया। उसके हाथ में गोली लगी। फायरिंग भरत नेपाली गैंग से जुड़े देवेन्द्र बाबू राव जगताप ने की। जगताप एडवोकेट सईद आजमी की हत्या के मामले में अभियुक्त है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फायरिंग आपसी रंजिश की वजह से हुई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जगताप के पास हथियार कैसे पहुंचा।
सलेम को हाल ही में अंडा सेल से जनरल बैरक में शिफ्ट किया गया था। सूत्र बताते हैं कि किसी बात को लेकर जगताप और सलेम में बहस हुई थी। जगताप ने अपनी रिवॉल्वर निकाली और सलेम पर फायर कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामला सुपारी का लगता है।
2010 में भी सलेम पर जेल में हमला हुआ था। उस वक्त वह आर्थर रोड जेल में था। हमला मुस्तफा दौसा ने किया था। आर्थर रोड जेल में हमले के बाद उसे तलोजा जेल में शिफ्ट किया गया था। सलेम पिछले दो साल से तलोजा सेंट्रल जेल में है। सलेम पर हमला करने वाला जगताप 2010 में चैम्बूर में छोटा राजन के खास फरीद तनासा की हत्या के मामले में आरोपी है। वह मूलत: मुलुंड का रहने वाला है। वह आधा दर्जन मामलों में आरोपी है। उसने छोटा राजन गैंग के साथ जुड़कर अपराध की दुनिया में कदम रखा था। बाद में वह भरत नेपाली की गैंग में शामिल हो गया।
First Published: Friday, June 28, 2013, 11:51