Last Updated: Monday, November 26, 2012, 16:43

नई दिल्ली : सामाजिक कार्यकर्ता से राजनेता बने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (एएपी) सोमवार को हजारों समर्थकों के बीच औपचारिक रूप से लांच हो गई। केजरीवाल ने कहा, "यह पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारे संघर्ष का परिणाम है।" पार्टी के नाम की घोषणा शनिवार को ही कर दी गई थी।
केजरीवाल के सहयोगी मनीष सिसौदिया ने जंतर मंतर पर पार्टी के नाम की घोषणा करते हुए कहा था कि यह हमारी पार्टी है। सिसौदिया ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अन्य 23 सदस्यों के नाम की भी घोषणा की। इसमें सिसौदिया भी शामिल हैं। उनके साथ-साथ प्रशांत भूषण, दिनेश वाघेला, संजय सिंह, गोपा राय तथा कुमार विश्वास भी इसके सदस्य हैं।
वाघेला ने कहा कि केजरीवाल पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक हैं। पंकज गुप्ता राष्ट्रीय सचिव और कृष्णकांत एएपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष होंगे। इससे पहले केजरीवाल तथा उनके सहयोगियों ने राजघाट पर जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बी. आर. अम्बेडकर को भी श्रद्धांजलि दी।
केजरीवाल ने अपनी पार्टी की घोषणा करने के लिए 26 नवंबर की तिथि इसलिए चुनी, क्योंकि वर्ष 1949 में इसी दिन देश का संविधान लागू हुआ था। जंतर-मंतर पर सोमवार को अपनी पार्टी `आम आदमी पार्टी` की शुरुआत करने जा रहे अरविंद केजरीवाल ने आज लोगों से अपील की है कि भारत के बेहतर भविष्य के लिए वे प्रार्थना करें।
इससे पहले, ट्वीटर पर अपने एक संदेश में केजरीवाल ने लिखा कि मैं देश के सभी निवासियों से भारत के लिए प्रार्थना करने का आग्रह करता हूं। क्रांति की शुरुआत हो चुकी है। बेहतर भविष्य के लिए प्रार्थना करें। केजरीवाल ने अपने संदेश में कहा कि आज बहुत बडा दिन है। इतिहास रचा जाएगा। भ्रष्ट राजनीतिक व्यवस्था को उखाड़ फेंकने के लिए आज आदमी एकजुट होकर सीधे राजनीति में आएं। सामाजिक कार्यकात से राजनेता बने केजरीवाल ने कहा कि मैं बाबा साहेब अंबेडकर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि देने के लिए जा रहा हूं ताकि उस दिशा में काम करूं जिसकी परिकल्पना उन्होंने देश के लिए की थी।
केजरीवाल ने अपने संदेश में यह भी कहा कि आम आदमी अब चुनाव लड़ेगा, आम आदमी वोट डालेगा, आम आदमी अभियान चलाएगा, आम आदमी योगदान एवं दान देगा, आम आदमी चुनाव में खड़ा होगा।
गौर हो कि अरविंद केजरीवाल को नवगठित दल ‘आम आदमी पार्टी’ का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वह देश भर में घूम कर भाजपा और कांग्रेस का पर्दाफाश करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक में पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव चुना गया जबकि कृष्णकांत कोषाध्यक्ष बनाए गए। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 23 सदस्यों ने इन तीनों को आम सहमति से चुना।
First Published: Monday, November 26, 2012, 16:30