Last Updated: Tuesday, August 13, 2013, 14:03
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को मांग की है कि राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी का सदन के संबंध में `अराजकतावादियों का संघ` बयान वापस लिया जाए। भाजपा के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। भाजपा प्रश्न काल को स्थगित करने और कांग्रेस पार्टी की प्रमुख सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा के कथित अवैध भूमि सौदों पर चर्चा की मांग कर रही थी।
विरोध प्रदर्शन से बाध्य होकर अंसारी ने कहा कि हर नियम और हर शिष्टाचार का उल्लंघन किया जा रहा है। यदि सम्मानित सदस्यों की इच्छा सदन को अराजकतावादियों का एक संघ बनाने की है ,तब बात और है। सदन की कार्यवाही जब 12 बजे शुरू हुई तो विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि राज्यसभा के सभापति ने अधिक प्रतिक्रिया व्यक्त की है और `अराजकतावादियों का संघ` शब्द उपयोग किया है जो असंसदीय है।
जेटली ने कहा कि सदन चाहता है कि इस टिप्पणी को वापस लिया जाए और इसे कार्यवाही से निकाल दिया जाए। उप सभापति पी.जे. कुरियन ने कहा कि सभापति ने `इच्छा` शब्द का उपयोग किया है इसका यह अर्थ नहीं है कि उन्होंने सदन को `अराजकतावादियों का संघ` कहा है। भाजपा उपरोक्त शब्द को निकालने की मांग पर लगातार जोर देती रही, इस पर कुरियन ने कहा कि वे इस मामले पर विचार करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 13, 2013, 14:03