‘अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा’

‘अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा’


नई दिल्ली : चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के एक बड़े हिस्से पर दावा किए जाने के बीच भारत ने गुरुवारको कहा कि चीनी पक्ष को स्पष्ट रूप से यह अवगत करा दिया गया है कि अरूणाचल भारत का अभिन्न और अहस्तांतरणीय हिस्सा है।

विदेश राज्य मंत्री ई. अहमद ने कहा कि चीन अरूणाचल प्रदेश राज्य में करीब 90 हजार वर्ग किलोमीटर के भारतीय क्षेत्र पर दावा करता है। अहमद ने कहा कि चीन अवैध तरीके से इस क्षेत्र को दक्षिणी तिब्बत का नाम देता है। उन्होंने कहा कि चीनी पक्ष को इस तथ्य से स्पष्ट तौर पर अवगत करा दिया गया है कि अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न तथा अहस्तांतरणीय अंग है। अहमद ने भाजपा के रविशंकर प्रसाद के सवालों के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।

उन्होंने रविशंकर प्रसाद के ही एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में बताया कि दक्षिण चीन सागर के इलाके पर संप्रभुता के संबंध में उस क्षेत्र में स्थित कई देशों के बीच विवाद है और भारत इस विवाद का हिस्सा नहीं है।

अहमद ने कहा कि भारत ने कई मौकों पर अपना पक्ष दुहराते हुए कहा कि वह अंततराष्ट्रीय कानून के तहत स्वीकृत सिद्धांतों के अनुसार नौसंचालन की स्वतंत्रता, पारगमन का अधिकार आदि का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि दक्षिण चीन सागर में संप्रभुता संबंधी विवादों का हल अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 30, 2012, 17:01

comments powered by Disqus