Last Updated: Monday, April 15, 2013, 21:27
नई दिल्ली : पत्नी की अदला-बदली के आरोपों से शर्मिंदा नौसेना ने महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने के कसूरवार एक वरिष्ठ अधिकारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मुंबई में जनरल कोर्ट मार्शल (जीसीएम) ने बर्खास्त किए गए इस अधिकारी को कई महिलाओं को अश्लील संदेश भेजने का दोषी पाया था।
देश के एकमात्र विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विराट’ पर तैनात इस अधिकारी की बर्खास्तगी ऐसे समय हुई है जब कुछ ही दिनों पहले रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने अपने से एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी से अवैध संबंध रखने के दोषी एक अन्य अधिकारी को बर्खास्त कर दिया था। नौसेना के प्रवक्ता कमांडर पीवी सतीश ने बताया कि इस साल जनवरी में एक कोर्ट मार्शल ने कमांडर स्तर (थलसेना में लेफ्टिनेंट कर्नल स्तर के अधिकारी के बराबर) के इस अधिकारी का नाम बर्खास्तगी के लिए भेजा था। बाद में उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 15, 2013, 21:27