असम में शांति बहाली को सरकार प्रतिबद्ध: शिंदे

असम में शांति बहाली को सरकार प्रतिबद्ध: शिंदे

असम में शांति बहाली को सरकार प्रतिबद्ध: शिंदेनई दिल्ली: असम समस्या से ढंग से नहीं निबट पाने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने आज राज्यसभा में कहा कि राज्य में हुयी हिंसा की जांच के लिए सीबीआई के दल को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि असम में शांति बहाल करना सरकार की पहली प्राथमिकता है तथा समस्या के मूल कारणों पर बाद में विचार किया जा सकता है।


असम में हिंसा के मुद्दे पर सदन में हुयी अल्पकालिक चर्चा का जवाब देते हुए शिंदे ने असम और देश में शांति, सौहाद्र्र की जरूरत पर बल दिया और कहा कि सरकार ने स्थिति से निबटने के लिए सुरक्षा सहित सभी जरूरी उपाय किए हैं। राज्य में पर्याप्त अर्धसैनिक बल भेजे गए हैं।


उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए सीबीआई दलों को रवाना कर दिया गया है। साथ ही सरकार ने किसी भी स्थिति से निबटने के लिए सेना को तैयार रहने के लिए कहा है।

शिंदे ने कहा कि आरोप प्रत्यारोपों की बजाय हमें संयम बरतना चाहिए और आपसी सहयोग पर जोर देना चाहिए ताकि वहां के प्रभावित लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता वहां शांति बहाल करने की है। उसके बाद ही समस्या के मूल कारणों पर विचार किया जा सकता है। विपक्ष की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या को हिन्दू मुस्लिम विवाद के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 9, 2012, 14:52

comments powered by Disqus