Last Updated: Sunday, May 12, 2013, 21:12

जबलपुर : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल की पर्चियों पर कोल ब्लॉक का आवंटन किया गया था। उन्होंने मांग की है कि पटेल की लिखी हुई पर्चियां कहां गई इसकी जांच होना चाहिए।
जबलपुर प्रवास पर आए झा ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि सोनिया गांधी की सबसे अच्छी कठपुलती के रूप में प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री बिना बोले ही बड़े-बड़े कारनामे कर रहे हैं। अश्विनी कुमार व पवन बंसल के मामले में भी दोनों ने पूर्व में ही रणनीति तैयार कर ली थी और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाले के समय यह विभाग किसके पास था और किसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है, यह बात सभी जानते हैं। इसी माह संप्रग सरकार के चार वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। चार साल में उनकी सफलता का एक दिन भी नहीं है। भ्रष्टाचार के मामले में केन्द्र के मंत्रियों को जेल की हवा खानी पड़ी।
झा ने आगे कहा कि भाजपा पहले से ही आरोप लगाती आ रही है कि केन्द्र सरकार द्वारा सीबीआई को दुरुपयोग किया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय ने भी सीबीआई को पिंजरे में बंद तोता बताया है। सर्वोच्च न्यायालय कोयला ब्लॉक आवंटन की मॉनीटरिंग कर रही थी, इसके बाबजूद पीएमओ में पदस्थ संयुक्त सचिव के इशारे पर रिपोर्ट में बदलाव किया गया। कानून के पालन की जिम्मेदारी जिस कानून मंत्री पर थी उसी ने सुप्रीम कोर्ट के स्ट्रैक्चर के साथ खिलवाड़ किया।
उन्होंने कहा कि कोयला आवंटन घोटाले की रिपोर्ट में तत्कालीन कोयला मंत्री के संबंध सहित दो पैरा किसके कहने पर अलग किए गए तथा अटल बिहारी वाजपेई का नाम किसके इशारे पर जोड़ा गया, हम यह जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा की प्रदेश में भाजपा की स्थिति अच्छी है। सर्वे के अनुसार भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतकर हैट्रिक बनाएगी। पार्टी उन्हीं को टिकट देगी जो जीतने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में उनकी पार्टी को अपनी गलतियों के कारण पराजय का सामना करना पड़ा। यही हाल लोकसभा चुनाव में संप्रग सरकार का होगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, May 12, 2013, 20:13