Last Updated: Saturday, November 17, 2012, 13:01
हैदराबाद: म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची शनिवार को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में पहुंचीं। वह यहां विभिन्न सरकारी कल्याण योजनाओं के जरिए ग्रामीणों में आए सामाजिक-आर्थिक बदलाव का अध्ययन कर रही हैं। नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची सुबह 9.30 बजे बेंगलुरू से एक हेलीकॉप्टर के जरिए कोथुलागुट्टू गांव पहुंचीं। उनके साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरणकुमार रेड्डी भी मौजूद थे।
कड़ी सुरक्षा के बीच तीन हेलीकॉप्टर इन नेताओं को लेकर गांव में उतरे।
सू ची ने यहां एक पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए राज्य में हुए ग्रामीण विकास व केंद्र व राज्य सरकार द्वारा यहां शुरू की गई कल्याण योजनाओं का असर देखा।
इसके बाद वह सड़क मार्ग से गोविंदपुरम गांव पहुंचीं। वहां उन्होंने महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (एमजीआरईजीएस) के तहत काम कर रहे लोगों से बात की।
म्यांमार की विपक्ष की नेता सू ची पापासानिपल्ली गांव का भी दौरा करेंगी और वहां महिलाओं से स्वयं-सहायता समूहों और उनके जरिए उनका जीवन बदलने के सम्बंध में जानकारी लेंगी। स्वयं-सहायता समूह के एक सदस्य के घर जाने के बाद वह वापस बेंगलुरू लौट जाएंगी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 17, 2012, 13:01