Last Updated: Wednesday, July 25, 2012, 09:38

नई दिल्ली : नवनिर्वाचित राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में आज देश के शीर्ष संवैधानिक पद की शपथ लेंगे। वह 11.30 बजे राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। भारत के चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति एसएच कपाडिया मुखर्जी को देश के नए राष्ट्रपति के तौर पर पद की शपथ दिलाएंगे।
प्रणब मुखर्जी ने आज सबसे पहले राजघाट जाकर राष्ट्रपति महात्मा गांधी को नमन किया।
शपथ ग्रहण के मौके पर ऐतिहासिक केन्द्रीय कक्ष में उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, केन्द्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री, विदेशी राजनयिक, संसद सदस्य और प्रशासन तथा सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद होंगे।
उनके पोडियम पर आसीन होने के बाद शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत होगी। पाटिल मध्य में बैठेंगी और मुखर्जी उनके दायीं तरफ की सीट पर बैठेंगे। राष्ट्रगान की धुन बजने के बाद गृह सचिव आर के सिंह पाटिल की अनुमति लेंगे और नये राष्ट्रपति के तौर पर मुखर्जी के निर्वाचन की चुनाव आयोग की घोषणा पढ़ेंगे।
नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद मुखर्जी को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। तत्पश्चात मुखर्जी पद स्वीकार करने के संबोधन के बाद पाटिल से सीट बदलेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान की धुन के साथ ही समारोह का समापन होगा। इसके बाद वह पाटिल के साथ राष्ट्रपति भवन रवाना होंगे।
राष्ट्रपति भवन से संसद भवन तक उनके मार्ग में थलसेना, नौसेना और वायुसेना के एक हजार जवान उन्हें सलामी देंगे। संसद भवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुखर्जी निर्वतमान राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को तुगलक लेन स्थित उनके अस्थायी आवास पर छोड़ने जाएंगे। पुणे में आवास की साजसज्जा का काम पूरा होने तक पाटिल तुगलक लेन स्थित बंगले में रहेंगी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 25, 2012, 09:38