Last Updated: Monday, June 10, 2013, 00:10

नई दिल्ली : भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी कार्यकारिणी बैठक से दूर रहने के लिए खराब स्वास्थ्य का हवाला देने के बाद घायल भीष्म पितामह के बाणों की शैय्या पर पड़े होने संबंधी महाभारत के एक दृश्य का जिक्र किया। गोवा में आयोजित इस बैठक में नरेंद्र मोदी को भाजपा के चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाया गया।
भाजपा के 83 वर्षीय नेता ने हालांकि अपने ब्लॉग या जयपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम में वीडियो संबोधन के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री का कोई जिक्र नहीं किया। आडवाणी ने अपने ब्लॉग में महाभारत की इस घटना का संदर्भ ऐसे समय दिया है जब मोदी को भाजपा की चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाया गया है। जयपुर के कार्यक्रम के लिए अपने वीडियो संबोधन में, आडवाणी ने अपने खराब स्वास्थ्य पर चुप्पी तोड़ी। अटकलें थीं कि आडवाणी ने मोदी की नियुक्ति के कथित विरोधस्वरूप खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया।
अपने पूरे राजनीतिक जीवन में पहली बार किसी कार्यकारिणी से अनुपस्थित रहने वाले आडवाणी ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से पेट की दिक्कतों से पीड़ित हैं और इसलिए बैठक में भाग नहीं ले पाए। अपने ब्लॉग में, आडवाणी ने दिल्ली में पृथ्वीराज रोड स्थित आवास पर प्रदर्शन के लिए लगाई गई चंदन की लकड़ी की ‘शानदार’ नक्काशी के संदर्भ में सबसे पहले भगवान कृष्ण के विश्वरूप अवतार की तारीफ की और कहा कि वहां बाणों की शैय्या पर भीष्म पितामह भी मौजूद हैं।
उन्होंने कहा, ‘इस नक्काशी के बारे में ज्यादा महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि चिकमगलूर (कर्नाटक) के कलाकारों ने इस शानदार विश्वरूप के पीछे न केवल महाभारत से जुड़े द्रौपदी चीरहरण और बाणों की शैय्या पर पड़े भीष्म पितामह जैसे दृश्यों को प्रदर्शित किया है बल्कि मत्स्यावतार और कुर्मावतार से लेकर कृष्ण और कलकी तक सभी दशावतार को दर्शाया है। आडवाणी ने तीन जून को कमल हासन की फिल्म विश्वरूपम (तमिल में) और विश्वरूप (हिन्दी में) देखने के बारे में भी लिखा। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 10, 2013, 00:10