Last Updated: Wednesday, January 11, 2012, 12:50
नई दिल्ली : जारवा जनजाति के लोगों का कथित शोषण किए जाने और भोजन के बदले पर्यटकों के समक्ष नृत्य करने के लिए मजबूर करने की खबर पर गृह मंत्रालय ने बुधवार को अंडमान निकोबार प्रशासन से रिपोर्ट मांगा है। वहीं, जारवा आदिवासियों के नृत्य के मुद्दे पर अंडमान निकोबार प्रशासन ने गृह मंत्रालय को आरंभिक रिपोर्ट भेज दी है। उधर, केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिव शक्ति सिन्हा को जारवा आदिवासियों के उत्पीड़न की खबरों को लेकर भलीभांति जांच का निर्देश दिया है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि मीडिया में आई रिपोर्ट के बाद स्थानीय प्रशासन से तथ्य पेश करने को कहा गया है, जिसमें कहा गया है कि इस आदिम जाति की महिलाओं को पर्यटकों के समक्ष नृत्य करने को मजबूर किया गया।
मंत्रालय ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि वह इस बात का पता लगाए कि जब यह वीडियो तैयार किया जा रहा था तब इस आदिम जाति के लोग किस प्रकार से बाहरी लोगों के संपर्क में आए जो एकांत जीवन व्यतीत करते थे। प्रशासन से शोषण के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने को कहा गया है। अगर रिपोर्ट सही साबित हुई तब गृह मंत्रालय कथित कार्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर सकता है।
अधिकारी ने कहा कि रास्ता बंद करने का निर्णय लेने में समय लगेगा क्योंकि यह नीतिगत फैसला था। हालांकि जारवा समुदाय के इलाकों को छोड़कर समुद्र से होते हुए एक बाईपास की संभावना तलाशी जा रही है। शेखर सिंह आयोग की रिनोर्ट के आधार पर 2002 में सुप्रीम कोर्ट ने जारवा समुदाय को सुरक्षा प्रदान करने के लिए एटीआर मार्ग को बंद करने का आदेश दिश था।
इस संबंध में घोटाला सबसे पहले स्वयंसेवी संस्था सरवाइबल इंटरनेशनल की ओर से 2010 में सामने लाया गया था जिसमें पर्यटकों द्वारा जारवा क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए एक अवैध मार्ग का इस्तेमाल करने की बात कही गई थी।
अंडमान निकोबार के सांसद विष्णुपद राय ने प्रेट्र से कहा कि वीडियो टेप काफी पुराने है और सरकार को तत्काल इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंडमन ट्रंक रोड को बंद नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि यह मध्य और उत्तरी अंडमान के लोगों की जीवन रेखा है। राय ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में जारवा मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं और सरकार को जारवा समुदाय का समर्थन करना चाहिए।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, January 14, 2012, 15:28