आरोपी को बिहार से लेकर रवाना हुई दिल्ली पुलिस

आरोपी को बिहार से लेकर रवाना हुई दिल्ली पुलिस

पटना-मुजफ्फरपुर : दिल्ली में पांच वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार के आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसका स्थानीय सदर अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसे लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई।

दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय एक टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बलात्कार के आरोपी मनोज कुमार (25) को आज तड़के करजा थाना अंतर्गत चिकनौटा गांव में उसके ससुराल से गिरफ्तार करने के बाद सुबह अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी (एसडीजेएम) शत्रुघ्न सिंह के समक्ष पेश किया जहां से उसे 23 अप्रैल तक ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया।

सदर अस्पताल जांच करने वाले चिकित्सक एस जमा ने बताया कि आरोपी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी मनोज ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। कड़ी सुरक्षा में दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी मनोज को लेकर विमान से दिल्ली रवाना हो गई।

बहरहाल पटना हवाईअड्डे पर पुलिस को अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी के कार्यकर्ताओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने नगर पुलिस अधीक्षक जयंतकांत की गाड़ी के समक्ष सांकेतिक रूप से प्रदर्शन कर कथित लापरवाही के लिए दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाये। आरोपी को पटना लाये जाने की सूचना पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के लिए पटना आये थे।

बहरहाल उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस जघन्य घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संवाददाताओं से कहा , ‘ यह घटना बहुत ही निंदनीय है। अपराधियों की कोई जाति और धर्म नहीं होता। इस घटना को किसी स्थान विशेष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। केंद्र सरकार को और सख्त कानून बनाना चाहिए।’

पटना हवाईअडडे पर मोदी ने कहा, ‘ इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।’ वह वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पर फिक्की के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मुंबई जा रहे थे। यह कार्यक्रम कल होगा। मुंबई में मोदी सेबी के अध्यक्ष यूके सिन्हा से भी मुलाकात करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 20, 2013, 15:38

comments powered by Disqus