आर्मी चीफ आज ब्रिटेन रवाना होंगे - Zee News हिंदी

आर्मी चीफ आज ब्रिटेन रवाना होंगे



नई दिल्ली : थलसेना प्रमुख जनरल वी के सिंह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज पांच दिनों की यात्रा पर ब्रिटेन रवाना हो रहे हैं। उनकी यात्रा से निकट भविष्य में उनके इस्तीफे के संबंध में लगाई जा रही अटकलों पर विराम लग सकता है।

 

सेना की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनकी यात्रा शुक्रवार तक चलेगी। इसके पहले किसी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) की ब्रिटेन यात्रा मार्च 2008 में हुई थी।

 

जन्मतिथि विवाद पर 10 फरवरी को उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद थलसेना प्रमुख की यह पहली विदेश यात्रा होगी। न्यायालय ने कहा था कि थलसेना प्रमुख के सेवा मामलों के संबंध में जन्मतिथि पर सरकार का फैसला लागू होगा और उसके बाद वह याचिका वापस लेने को बाध्य हो गए थे।

 

जन्मतिथि को लेकर कानूनी लड़ाई उच्चतम न्यायालय में हार जाने के बाद मीडिया में उनके अगले कदम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया। जनरल सिंह का कार्यकाल 31 मई तक है।  (एजेंसी)

First Published: Monday, February 13, 2012, 12:55

comments powered by Disqus