Last Updated: Monday, February 20, 2012, 05:48
ज़ी न्यूज ब्यूरो कोच्चि/नई दिल्ली : केरल तट पर दो भारतीय मछुआरों को गोलीबारी में मार देने के आरोप में इतालवी पोत एनिरका लेक्सी के दो सुरक्षाकर्मियों को सोमवार दोपहर बाद यहां स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। दोनों गार्ड्स को पांच मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आज दोनों सुरक्षा गार्डो को करूनागपल्ली में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया था। करीब एक घंटे चली सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट केपी जॉय ने पहले तीन पुलिस कस्टडी और उसके बाद 14 दिनो की ज्यूडिशियल कस्टडी का आदेश सुनाया। मजिस्ट्रेट केपी जॉय ने ये भी कहा कि अगर पुलिस को पुलिस कस्टडी बढाने की जरूरत है तो पुलिस को दोबारा इसके लिए गुजारिश करनी होगी।
सुरक्षा गार्डों के वकील ने मजिस्ट्रेट के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि घटना अंतराष्ट्रीय सीमा के बाहर हुई है और भारतीय सीमा से 24 नॉटिकल माइल्स से बाहर ये घटना हुई है, इसलिए दोनो सुरक्षा गार्डों पर मुकदमा इटली मे चलाया जाएगा। लेकिन मजिस्ट्रेट इस गुजारिश को दरकिनार कर दिया। दूसरी तरफ केरल पुलिस ने ये भी साफ कर दिया है कि जब तक जांच पूरी नही हो जाती तब तक इटली का जहाज कोच्चि से कहीं नहीं जा सकता। इटली के जहाज में सवार दो सुरक्षा गार्डों ने दो भारतीय मछुआरो को समुद्री डाकू समझ कर गोली मार दी थी, जिसके बाद दोनो की मौत हो गई थी।
गौर हो कि इस जहाज को पकड़कर कोच्चि बंदरगाह लाया गया था। मछुआरों को मार डालने के दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इटली के दो सुरक्षाकर्मियों को केरल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इटली के जहाज पर चली लंबी पूछताछ के बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों को कोच्चि तट पर लाया गया और कोल्लम पुलिस के हवाले कर दिया गया।
First Published: Tuesday, February 21, 2012, 00:33