Last Updated: Friday, December 14, 2012, 17:40

कोच्चि : केरल तट से दूर समुद्र में दो भारतीय मछुआरों की हत्या के मामले में फिलहाल जमानत पर चल रहे दो इतालवी मरीन ने जमानत की शर्तों में छूट देने की मांग करते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की ताकि वे क्रिसमस में अपने घर जा सकें।
उन्होंने कहा कि उनके परिवारों ने विशेष प्रार्थना का आयोजन कर रखा है और वे इस माह के आखिरी दो सप्ताह में क्रिसमस में शिरकत करना चाहते हैं।
याचिकाकर्ताओं-लातोर मैसिमिलियानो और सालवोतोर गिरोने ने कहा है कि वे दो सप्ताह के अंदर लौट आयेंगे। दोनों ने इस आशय के अलग अलग शपथनामे भी दायर किए हैं।
दो मछुआरों-जेलास्टिन (45) और अजेश बिंकी (25) की 19 फरवरी को हत्या करने के आरोप में ये दोनों व्यापारिक एनरिका लेक्सी जहाज से गिरफ्तार गिए थे। उन्होंने इन दोनों मछुआरों को भूलवश समुद्री लुटेरे समझकर उन पर गोलियां चलाई थीं। इस घटना के बाद भारत और इटली के बाद राजनयिक विवाद खड़ा हो गया था।
याचिकाकर्ताओं ने कहा कि इटली ने यह सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी ली है कि वे उच्च न्यायालय के आदेश का अक्षरश: पालन करेंगे।
उच्च न्यायालय ने दोनों को 30 मई को कठोर शर्तों के साथ जमानत दी थी। उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना पड़ा था। अदालत ने सरकार को यह सुनिश्चित करने को कहा कि दोनों देश छोड़कर नहीं जा पाएं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 14, 2012, 17:40