इटली मामले में भारतीय कूटनीति की जीत : चिदम्बरम

इटली मामले में भारतीय कूटनीति की जीत : चिदम्बरम

इटली मामले में भारतीय कूटनीति की जीत : चिदम्बरमनई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम ने शुक्रवार को कहा कि दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी इतालवी नौ सैनिकों का भारत लौटना सुनिश्चित किए जाने के मामले में केंद्र सरकार की कूटनीतिक जीत हुई है। चिदम्बरम ने संवाददाताओं से कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार की कूटनीतिक जीत हुई है। सरकार ने कूटनीतिक प्रयास किए, जो सफल रहे।

इसका श्रेय विपक्ष द्वारा लिए जाने के सवाल पर चिदम्बरम ने कहा कि यदि सरकार की कूटनीति सफल रही और विपक्ष इसका श्रेय लेना चाहता है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने घोषणा की थी कि इटली की सरकार ने भारत को सूचित किया है कि आरोपी नौसैनिक यहां लौटेंगे।

सर्वोच्च न्यायालय ने नौसैनिकों को इटली के आम चुनाव में मतदान के लिए स्वदेश जाने की अनुमति दी थी। तब इटली के राजदूत डेनियल मेंसिनी ने सर्वोच्च न्यायालय से वादा किया था कि देश के आम चुनाव में मतदान के बाद वे 22 मार्च तक भारत लौट आएंगे। लेकिन 11 मार्च को इटली ने अपने नौसैनिकों को यहां भेजने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव पैदा हो गया था। सर्वोच्च न्यायालय ने इटली के राजदूत के देश छोड़ने पर भी पाबंदी लगा दी थी।

इटली के मालवाहक जहाज एनरिका लेक्सी के सुरक्षा कर्मियों पर 15 फरवरी, 2012 को केरल तट से लगे अरब सागर में भारतीय मछुआरों की नौका गोलीबारी करने का आरोप है। इस घटना में दो मछुआरों की मौत हो गई थी। इस मामले में उनके खिलाफ यहां मुकदमा चल रहा है। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 22, 2013, 13:27

comments powered by Disqus