'इटालियन पर भारतीय कानून के तहत केस' - Zee News हिंदी

'इटालियन पर भारतीय कानून के तहत केस'



तिरुवनंतपुरम : केरल तट पर दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी दो इतालवी मरीन के खिलाफ भारतीय कानून के तहत अभियोग चलाए जाने की बात करते हुए रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने रविवार को कहा कि इस मामले में जांच सही दिशा में बढ़ रही है।

 

एंटनी ने यहां संवाददाताओं से कहा, मामला भारतीय कानून के तहत आगे बढ़ेगा। देश की न्यायपालिका स्वतंत्र है। उन्होंने कहा, कोल्लम तट पर 15 फरवरी को दो लाचार मछुआरों की गोली मारकर हत्या करने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

 

उन्होंने कहा, इस मामले में जांच सही दिशा में बढ़ रही है और केरल सरकार इससे बेहद जोरदार तरीके से निपट रही है। केंद्र ने राज्य की पहल को पूरा समर्थन दिया था। गिरफ्तार इतालवी मरीन लातोर मेस्सीमिलानो और सैल्वाटोर गिरोन पर आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का आरोप लगाया गया है।

 

कोच्चि के आयुक्त एम आर अजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल मामले की जांच कर रहा है।
इतालवी जहाज एनरिका लेक्सी पर सवार गार्डों ने गत 15 फरवरी को कथित तौर पर दो भारतीय मछुआरों की हत्या कर दी थी।

 

इतालवी अधिकारियों ने दावा किया था कि मछली मारने वाली नौका को जलदस्युओं का जहाज समझकर उसपर गोलीबारी की गई थी।  (एजेंसी)

First Published: Monday, February 27, 2012, 10:54

comments powered by Disqus