Last Updated: Friday, May 11, 2012, 15:53
कोल्लम : केरल में कोल्लम की एक अदालत ने व्यापारिक जहाज ‘एनरिका लेक्सी’ के दो इतालवी नौसैनिकों के जमानत आवेदन को शुक्रवार को खारिज कर दिया और उनकी न्यायिक हिरासत अगले 14 दिनों के लिए बढ़ा दी। दोनों पर फरवरी में केरल तट के समीप गोली मारकर दो भारतीय मछुआरों को मार डालने का आरोप है।
दोनों नौसैनिकों-लातोर मैस्सिमिलियानो और साल्वोतोर गिरोन को उनकी हिरासत अवधि पूरा होने पर तिरूवनंतपुरम की केंद्रीय जेल से यहां लाया गया था और उन्हें प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ए के गोपकुमार के समक्ष पेश किया गया।
इन दोनों को 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था और उनपर मछुआरों -वैलेंटाइन जलास्टीन और अजेश बिंकी की हत्या का आरोप लगाया गया। ये दोनों मछुआरों कोल्लाम के नींदकारा से समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। आरोपी पहले 14 दिन पुलिस हिरासत में रहे और पांच मार्च से केंद्रीय जेल के स्पेशल सेल में थे। दरअसल बाद में अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
(एजेंसी)
First Published: Friday, May 11, 2012, 21:23